क्रिसमस इवनिंग पर गाये जाएंगे कैरोल

BHARATTV.NEWS: चित्तरंजन।मिहिजाम।पंकज। क्रिसमस की तैयारियां पूरी कर ली गयी है। गिरजाघरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।प्रभु यीशु के आगमन को लेकर ईसाई समुदाय के लोग आंतरिक तैयारी में लग गए हैं। बाहरी तैयारियों में चर्च, घर के अन्य संस्थानों की साफ सफाई, पुष्प लगाना, कैंडल जलाना, क्रिसमस ट्री सजाना व तार लगाने और आंतरिक तैयारियों में पश्चाताप करना, क्षमा करना, मेल मिलाप करना, कैरल गान व बाइबिल पाठ के जरिए स्वयं को प्रभु के राज्य के योग्य बनाने की तैयारियां चल रही हैं। विश्वासी अपने घर और गिरजाघरों की साफ-सफाई और सजाने की पूरी तैयारी कर रहे हैं। कई लोगों ने अपने घर को बेहतद खुबसूरत तरीके से रंगीन रौशनी और स्टार्स से सजाया है। वहीं गिरजाघरों को भी बेहतर ढंग से सजाया गया है। क्रिसमस के लिए शहर के छोटे-बड़े सभी गिरजाघरों की पेंटिंग की गई है।

इसके साथ ही गिरजाघर के प्रार्थना सभा को भी सजाया जा रहा है। चित्तरंजन और मिहिजाम के सभी चर्च गिरजाघर और पूरे परिसर की पेंटिंग की गई है। कई जगहों पर प्रार्थना सभा के पास एक चरनी बनाई गई है। जहां प्रभू के अवतरण के दर्शन किए जा सकेंगे। चर्च में शारीरिक दूरी का पालन कराने की पूरी तैयारी है। साथ ही बिना मास्क के विश्वासियों को चर्च में प्रवेश नहीं दी जाएगी। सफेद और लाल कपड़ों से चर्च को अंदर से सजाया जा रहा है। क्रिसमस को लेकर समुदाय के लोगों ने इसकी तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। बच्चे सांता क्लॉज के स्वागत की तैयारी कर रहे हैं तो किशोर-किशोरियों ने क्रिसमस-ट्री सजाने के सारे साजो-सामान जुटाने शुरू कर दिए हैं। वहीं घरों में साफ-सफाई के साथ रंग-रोगन का कार्य भी जोर शोर से किया जा रहा है। क्रिसमस की आहट से ही घरों में जोर-शोर से तैयारियाँ शुरू कर दी जाती हैं। फिर शुरू होता है क्रिसमस ट्री को सजाने का दौर। स्टार, बैलून, सेंटा क्लॉज आदि से क्रिसमस ट्री को आकर्षक बनाया जाता है।

प्रभु यीशु का जन्म गौशाला में हुआ था इसलिए क्रिसमस पर गौशाला की झाँकी का बड़ा महत्व होता है। क्रिसमस को लेकर बच्चों में जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है। वे सांता क्लॉज को खुश करने घरों में विशेष तैयारी कर रहे है। क्रिसमस के बाद छुट्टियों को पूरी तरह एन्जॉय करने के लिए चर्च मंडली से लेकर बच्चे अपने मम्मी-पापा के साथ मिलकर पिकनिक पर जाने की प्लानिंग बना रहे हैं। पिकनिक पर जाने के लिए शॉपिंग भी शुरू कर दी गई है। लोगों का उत्साह उनके चेहरों पर चमक रही खुशियों से स्पष्ट झलकता है। क्रिसमस कार्ड, सांता क्लॉज, क्रिसमस-ट्री खरीददारी के साथ-साथ जन्म पर्व की तैयारियाँ भी चल रही हैं। घरों की साफ-सफाई और रंग-रोगन के साथ ही कुछ परिवार के लोग घरों में गौशाला और अन्य झाँकियों का निर्माण करने में जुट गए हैं। क्रिसमस के अवसर पर महिलाएँ अपने घर की रौनक बढ़ाने में जुटी हुई हैं। कुछ तो घर की हर छोटी-मोटी सजावट चाहे वो सीढि़याँ हो या दीवार, हर जगह को सजावटी आयटमों से सजा रही हैं। क्रिसमस की खुशी पकवानों के बिना अधूरी होती है। इसी कमी को पूरा करने घरों में पकवान बनने शुरू हो गए हैं। रम केक, जिंजर वाइन, डोनल्ड, सलोनी, मीठा, नमकीन सहित तरह-तरह के पकवान रोजाना रसोई घर में बनते नजर आ रहे हैं।














