
ओम शर्मा ,आसनसोल, 26 नवंबर, 2020 : आज पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल में संविधान दिवस मनाया गया। श्री सुमित सरकार, मंडल रेल प्रबंधक आसनसोल ने भारत के संविधान दिवस के मनाए जाने के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय/आसनसोल में एक वीडियो कान्फ्रेंस के जरिए इस मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों को भारत के संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इसी क्रम में मंडल के आसनसोल, दुर्गापुर, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर संविधान की प्रस्तावना का वर्चुअली पाठ किया गया। भारत स्काउट्स और गाइड्स/आसनसोल जिला के स्वयंसेवकों द्वारा आसनसोल मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर संविधान की प्रस्तावना विषयक इस्तेहार बांटे गए और ‘संविधान दिवस संदेश’ तथा ‘नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों’ को प्रसारित करने हेतु समूचे आसनसोल मंडल में खास-खास स्थानों पर स्टैंडीज प्रदर्शित किए गए।
उल्लेखनीय है कि भारत की संविधान सभा ने आज ही के दिन 26 नवंबर, 1949 को भारत के संविधान को अंगीकार किया था, जबकि 26 जनवरी, 1950 को इसे लागू किया गया था।















