ओम प्रकाश शर्मा ,धनबाद, 23 अगस्त 2024: धनबाद जिला कांग्रेस मुख्यालय में आज कांग्रेस टिकट की दावेदारी को लेकर उम्मीदवारों में खासा उत्साह देखा गया। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सचिव पंकज कुमार मिश्रा ने अपने समर्थकों के साथ धनबाद विधानसभा क्षेत्र संख्या 40 से कांग्रेस टिकट के लिए नामांकन पत्र भरा। पंकज मिश्रा के अलावा, के. के. पॉलिटेक्निक के ई. रवी चौधरी, प्रदेश कांग्रेस सचिव वैभव सिंहा, रवी रंजन सिंह, और धोबाटाड निवासी गौरीशंकर प्रसाद ने भी अपनी-अपनी दावेदारी पेश की।
बाघमारा विधानसभा क्षेत्र संख्या 43 से कांग्रेस टिकट के लिए स्वर्गीय मंत्री ओपी लाल के पुत्र अशोक प्रकाश लाल, जो कि पूर्व में भी इस क्षेत्र से दावेदारी कर चुके हैं, ने नामांकन दाखिल किया। इसके साथ ही, जिला परिषद सदस्य राजेश राम और कांग्रेस नेता कालीचरण यादव, जो कि मजदूर नेता भी हैं, ने झरिया विधानसभा क्षेत्र संख्या 41 से अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। जिला कांग्रेस महासचिव भगत सिंह ने भी झरिया से नामांकन पत्र भरा।
सिंदरी विधानसभा क्षेत्र संख्या 38 से कांग्रेस नेत्री उषा पासवान ने भी कांग्रेस टिकट के लिए नामांकन दाखिल किया। उषा पासवान पहले भी क्षेत्र में सक्रिय रही हैं और पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेती रही हैं।
धनबाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने इस मौके पर कहा कि दावेदारों का आवेदन 29 अगस्त 2024 तक स्वीकार किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि आज सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कांग्रेस कार्यालय में स्वयं उपस्थित रहते हुए सभी दावेदारों के नामांकन पत्र स्वीकार किए गए। सिंह ने बताया कि कांग्रेस में टिकट की दावेदारी के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवार आगे आ रहे हैं, जिससे पार्टी के अंदरूनी चुनावी प्रक्रिया में प्रतिस्पर्धा और भी रोचक हो गई है।















