ओम शर्मा, धनबाद: – धनबाद कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष सिंह की अध्यक्षता में हाउसिंग कॉलोनी जिला कार्यालय में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी, संगठन सशक्तिकरण और जिले की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि लोकसभा चुनाव में बुथ पर हुई गलतियों को सुधारते हुए कांग्रेस संगठन को मजबूत करने हेतु धनबाद, झरिया और बाघमारा में कांग्रेस के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को चार भागों में बांटकर जिला कांग्रेस द्वारा दो-दो प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। साथ ही, निष्क्रिय पदाधिकारियों और नगर प्रखंड अध्यक्षों को बदलकर सक्रिय और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को संगठन में शामिल किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष श्री संतोष सिंह ने जोर देकर कहा कि संगठन के बल पर ही विधायक और सांसद बनते हैं और फिर आलाकमान उन्हें मंत्री बनाता है। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का काम जिला प्रशासन के अधिकारी नहीं करते हैं।
बैठक में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी कार्यकर्ताओं की सराहना की गई और आगामी विधानसभा चुनाव में भी इसी उत्साह के साथ काम करने की अपील की गई। बैठक के दौरान, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे के जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर उनका जन्मदिन भी मनाया गया।
इस बैठक में कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पदाधिकारी उपस्थित थे, जिन्होंने आगामी चुनावों में पार्टी की रणनीति पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।















