Bharat TV News | "The Right Path to Journalism"

"सच वही जो हम दिखाएं"

जामताड़ा में स्वतंत्रता की अलख: गांधी मैदान से समाहरणालय तक तिरंगे की गूंज

ओम प्रकाश शर्मा( BHARATTV.NEWS)जामताड़ा, 15 अगस्त: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जामताड़ा जिले में उत्साह और गर्व के साथ तिरंगा लहराया गया। जिले के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राष्ट्रध्वज फहराया। उन्होंने परेड का निरीक्षण करते हुए तिरंगे को सलामी दी और उपस्थित जनसमूह को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह की शुरुआत पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी और उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी कुमुद सहाय द्वारा महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद उन्होंने शहीद बेदी पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। गांधी मैदान में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया और शहीद बेदी पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

डॉ. अंसारी ने अपने संबोधन में जिले की उपलब्धियों और विकास योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने मनरेगा, बिरसा हरित ग्राम योजना और बिरसा सिंचाई कूप संवर्द्धन मिशन के तहत जिले में हो रहे कार्यों की जानकारी दी। इसके अलावा, उन्होंने अबुआ आवास योजना के तहत स्वीकृत किए गए आवासों और सड़कों के निर्माण की भी जानकारी दी।

उपायुक्त कुमुद सहाय ने समाहरणालय और अपने आवासीय कार्यालय में तिरंगा फहराया। उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए शहीदों की कुर्बानी को याद किया और समाज में आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने का आह्वान किया। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने भी अपने कार्यालय में तिरंगा फहराकर देश की सेवा का संकल्प दोहराया।

जिले के अन्य सरकारी कार्यालयों में भी ध्वजारोहण के कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला परिषद कार्यालय में जिला परिषद अध्यक्षा राधारानी सोरेन ने तिरंगा फहराया और इस अवसर पर जिले के विभिन्न कार्यालयों के प्रधानों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी।

इस अवसर पर जिले के सभी प्रमुख अधिकारी और नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का हिस्सा बने।