BHARATTV.NEWS; CHITRA : कोयलांचल के बड़बाद पंचायत वासियों ने कांवर यात्रा कर गुरु पूर्णिमा के अवसर पर स्थानीय दुखिया बाबा शिव मंदिर में जलाभिषेक किया। इसमें अनेक गांव के लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
जानकारी हो कि उक्त पंचायत के घोड़दौड़, परबलाडंगाल, आमजोरा, कूरा, बड़बाद व अन्य गांव के लोगों ने कई दिन पूर्व आज की तिथि पर कांवर यात्रा पर चलने का निर्णय लिया था। अपने अपने गांव से कांवरिया वेश में सभी कुकराहा गांव के समीप नारगी मोड़ से गुजरते हुए अजय नदी घाट पहुंचे। यहां अपने पात्र में जल भरकर गाजा बाजा के साथ बोल बम का जयकारा लगाते हुए अपने गंतव्य की तरफ चले। इस इस मार्ग में सहरजोरी स्थित सुखेश्वर महादेव मंदिर में सबों ने पूजा अर्चना की। मुख्य मार्ग से आगे चलकर चितरा गांधी चौक पहुंचे। यहां से उत्तर दिशा में स्थित दुखिया बाबा शिव मंदिर में विधि विधान के साथ पूजा अर्चना जलाभिषेक आदि की रस्म को पूरा किया। इसी मंदिर प्रांगण में राधा कृष्ण, राम दरबार, माता पार्वती व इस मंदिर के पूर्व दिशा में मां छिन्नमस्तिका काली मंदिर में श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई। उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी के दौरान सुल्तानगंज से देवघर के लिए कांवर यात्रा पर आने वाले लोगों ने स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अजय नदी से दुखिया बाबा मंदिर तक की संक्षिप्त यात्रा प्रारंभ की थी। उसी यात्रा की अगली कड़ी में यह यात्रा जुड़ गई। पंचायत के मुखिया जगरनाथ रवानी, पूर्व मुखिया मूर्ति देवी ने यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं के बीच फल वितरण किया।






