Bharat TV News | "The Right Path to Journalism"

"सच वही जो हम दिखाएं"

धनबाद: चिटाही धाम में श्रीराम महायज्ञ का भव्य आयोजन, कुमार विश्वास के काव्य तीरों से गूंजा मंच

ओम प्रकाश शर्मा ,धनबाद : धनबाद के चिटाही धाम स्थित श्री श्री रामराज मंदिर में चल रहे नौ दिवसीय श्रीराम महायज्ञ के छठे दिन श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हजारों श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा की, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। इस महायज्ञ का शुभारंभ 4 फरवरी को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसमें देशभर के श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महाराष्ट्र के ढोल, असम के बिहू नृत्य, पंजाब और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक झांकियों ने शोभायात्रा को विशेष बना दिया।

तीसरे दिन आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर ने कार्यक्रम में शिरकत कर कहा कि यह धाम किसी कुंभ से कम नहीं है। उन्होंने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया और इस आयोजन को आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बताया। सांसद ढुल्लू महतो, उनकी पत्नी सावित्री देवी, विधायक शत्रुघ्न महतो समेत कई गणमान्य लोग इस महायज्ञ में शामिल हुए। सांसद महतो ने इस आयोजन को श्रीराम जी की सेना का प्रतीक बताते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत कई केंद्रीय मंत्रियों को भी आमंत्रित किया है।

शनिवार रात आयोजित विराट कवि सम्मेलन में देश के मशहूर कवि कुमार विश्वास, आनंद महेंद्र, सुदीप भोला, कुशल कौशलेंद्र और प्रीति पांडे ने अपनी कविताओं से समा बांध दिया। कुमार विश्वास ने दिल्ली चुनाव परिणामों पर तंज कसते हुए कहा,
“पराए आंसुओं से आंखें, नम कर रहा हूं मैं,
भरोसा आजकल खुद पर भी, कुछ कम कर रहा हूं मैं…”

उन्होंने दुर्योधन और अहंकार की तुलना करते हुए कहा कि हर युग में अहंकार का पतन हुआ है, और इस युग में भी हुआ। मंच से उनकी कविता सुनकर श्रोताओं की तालियां गूंज उठीं।

आगामी दिनों में प्रवचन, भक्ति जागरण, भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें देशभर के संत-महात्मा और कलाकार हिस्सा लेंगे। भोजपुरी गायक पवन सिंह अपनी भजनों की प्रस्तुति देंगे। विराट बांग्ला जात्रा, कवि सम्मेलन और प्रवचन सत्रों में हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

चिटाही धाम का यह वार्षिक महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बन गया है, बल्कि सांस्कृतिक एकता का प्रतीक भी बन रहा है। हर दिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। आयोजन समिति के अनुसार, इस वर्ष की भागीदारी पिछले वर्षों से अधिक है, जिससे यह आयोजन ऐतिहासिक बन गया है।