आसनसोल: डॉ. बरुण कुमार निदेशक(राजभाषा) रेलवेबोर्ड,नई दिल्ली ने आसनसोल मंडल के दुर्गापुर और आसनसोल स्टेशनों तथा इसके आसपास के अन्य रेल कार्यालयों का राजभाषा विषयक निरीक्षण किया।
इस क्रम में सर्वप्रथम उन्होंने 09.02.2022 को दुर्गापुर स्टेशन पर स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया और हिंदी में किये जा रहे काम-काज का जायजा लिया। इस अवसर पर राजभाषा अधिकारी डॉ. मधुसूदन दत्त एवं राजभाषा विभाग आसनसोल के वरिष्ठ अनुवादक सर्वश्री दिलीप कुमार पासवान और भारत भूषण पांडेय उनके साथ उपस्थित थे। निदेशक(राजभाषा) डॉ. बरुण कुमार ने कहा कि ‘ग’ क्षेत्र में अवस्थित दुर्गापुर स्टेशन में राजभाषा की प्रगति संतोषजनक है। यहाँ अवस्थित ‘तुलसीदास हिंदी पुस्तकालय’ का रख-रखाव बड़ा ही उत्तम है। इसके लिए उन्होंने अंशकालिक पुस्तकाध्यक्ष श्री अनिल कुमार की भरपूर तारीफ की। उन्होंने आगंतुक पुस्तिका में पुस्तकालय की प्रशंसा करते हुए लिखा कि :इस पुस्तकालय का रख-रखाव सराहनीय है। अच्छे कमरे में यह पुस्तकालय संचालित हो रहा है। पाठक नियमित रूप से आते हैं। इसकी उत्तम व्यवस्था में राजभाषा विभाग/मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय/आसनसोल का प्रशंसनीय प्रयास लक्षित होता है। ’
डॉ. बरुण कुमार ने स्टेशन के विभिन्न कार्यालयों में राजभाषा विषयक त्रुटियों की ओर ध्यान दिलाते हुए संबंधित प्रभारी को निदेश दिया कि इसे सुधार लिया जाए। 10.02.2022 को आसनसोल स्टेशन का राजभाषा विषयक निरीक्षण करने के क्रम में डॉ. बरुण कुमार स्टेशन प्रबंधक कक्ष,स्टेशन प्रबंधक कार्यालय एवं अन्य कार्यालयों में गये। उन्होंने स्टेशन में लगे कार्यालयी नाम-पदनाम और सूचना बोर्डों का भी जायजा लिया। इस क्रम में उन्होंने पायी गयी कुछेक त्रुटियों की ओर ध्यान दिलाया। स्टेशन प्रबंधक से सटे कक्ष में राजभाषा विषयक नियम,प्रोत्साहन योजनाओं से संबंधित बोर्ड की उन्होंने तारीफ की। राजभाषा अधिकारी डाॅ. मधुसूदन दत्त ने उन्हें बताया कि ‘राजभाषा दीर्घा’ नामक इसी प्रकार के बोर्ड मंडल के सिमुलतला,जसीडीह,मधुपुर और चित्तरंजन स्टेशनों पर भी कार्मिकों की सुविधा और प्रोत्साहन के लिए लगाए गए हैं।स्टेशन प्रबंधक मो. राशिद नदीम से चर्चा के दौरान उन्होंने निदेश दिया कि स्टेशन परिसर में लगे बोर्डों में परिलक्षित राजभाषा विषयक त्रुटियों को यथाशीघ्र दूर कर लिया जाए।
निरीक्षण के उपरांत डॉ. बरुण कुमार/निदेशक(राजभाषा) ने श्री परमानंद शर्मा मंडल रेल प्रबंधक पूर्व रेलवे/आसनसोल के साथ मुलाकात की। उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक के साथ निरीक्षण संबंधी अपने अनुभवों को साझा किया। इस अवसर पर श्री मनीष,अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक और राजभाषा अधिकारी डाॅ. मधुसूदन दत्त भी उपस्थित थे। निदेशक डाॅ. बरुण कुमार ने मंडल में हो रही राजभाषा विषयक प्रगति की भूरि-भूरि प्रशंसा की और विश्वास जताया कि इस दिशा में भविष्य में और भी बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे। डॉ. बरुण कुमार ने आसनसोल मंडल रेल क्षेत्र में राजभाषा के प्रचार-प्रसार एवं विकास के लिए किए जा रहे कार्यों को बेहतर ढंग से निष्पादित करने के लिए मंडल के राजभाषा अधिकारी एवं उनकी टीम की मुक्तकंठ से प्रशंसा की और यह भरोसा जताया कि मंडल रेल प्रबंधक श्री परमानंद शर्मा के अभिभावकत्व, अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री मनीष के मार्गदर्शन और राजभाषा अधिकारी डॉ. मधुसूदन दत्त के कुशल नेतृत्व में आसनसोल मंडल की राजभाषा टीम अपने दायित्वों को पूरा करने में सदैव तत्पर रहेगी।Attachments area














