Bharat TV News | "The Right Path to Journalism"

"सच वही जो हम दिखाएं"

गांधी मैदान में 78वां स्वतंत्रता दिवस: प्रभारी मंत्री संतोष कुमार सुमन ने किया ध्वजारोहण, योजनाओं की दी जानकारी

ओम प्रकाश शर्मा:औरंगाबाद: 78वीं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर औरंगाबाद के गांधी मैदान में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर बिहार सरकार के सूचना एवं प्रावैधिकी, लघु जल संसाधन एवं आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री तथा औरंगाबाद के प्रभारी मंत्री, संतोष कुमार सुमन ने ध्वजारोहण किया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी मंत्री, ज़िला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री और पुलिस अधीक्षक स्वप्ना गौतम मेश्राम के परेड निरीक्षण और सलामी के साथ हुई। इसके बाद स्कूली छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया।

अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों और हाल के दिनों में मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हुए वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और बिहार विभूति डॉ. अनुग्रह नारायण सिन्हा और 19 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी जगतपति कुमार को विशेष रूप से याद किया।

मंत्री जी ने जिले में चल रही सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जीविका के माध्यम से बड़े पैमाने पर काम कर रही है। जल जीवन हरियाली योजना के तहत जलस्रोतों को पुनर्जीवित किया गया है। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, कृषि, अल्पसंख्यक कल्याण और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में भी कई उपलब्धियां हासिल की गई हैं।

कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री ने भूमिहीन लोगों को सरकारी जमीन पर बने घरों का बंदोबस्ती कर भूमि पर्चा प्रदान किया। इस अवसर पर माननीय विधान पार्षद दिलीप कुमार, जिला के सभी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक उपस्थित थे।