Bharat TV News | "The Right Path to Journalism"

"सच वही जो हम दिखाएं"

धनबाद कांग्रेस की बैठक संपन्न: रांची राजभवन घेराव का निर्णय, शताब्दी समारोह और स्थापना दिवस की तैयारी पर जोर

धनबाद : धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी की बैठक जिला कांग्रेस कार्यालय, हाउसिंग कॉलोनी धनबाद में जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में रांची राजभवन घेराव कार्यक्रम में भारी संख्या में भाग लेने का निर्णय लिया गया। बैठक में मुख्य अतिथि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नेता और धनबाद के पर्यवेक्षक महेंद्र कुमार मिश्रा और सकील अहमद अंसारी उपस्थित थे।

जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि गौतम अडानी और उनके सहयोगियों पर अमेरिका न्याय विभाग द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी, मनी लॉन्ड्रिंग और बाजार में हेरफेर के आरोपों ने भारतीय व्यापार और वित्त की प्रतिष्ठा को धूमिल किया है। उन्होंने सरकार पर संसदीय चर्चा से बचने और जवाबदेही से पीछे हटने का आरोप लगाया।

श्री सिंह ने मणिपुर की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि निरंतर हिंसा, कर्फ्यू और अराजकता के बीच केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पूरी तरह विफल रही है।

जिलाध्यक्ष ने आगे कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर धनबाद सीटी सेंटर स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर शताब्दी समारोह आयोजित किया जाएगा। साथ ही, 28 दिसंबर को अखिल भारतीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस धनबाद निरीक्षण भवन में भव्य रूप से मनाया जाएगा।

बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष राशिद रजा अंसारी, प्रदेश महासचिव मदन महतो, प्रदेश सचिव शमशेर आलम, मनोज यादव, शंकर प्रजापति, योगेन्द्र सिंह योगी, कयूम खान, महेंद्र दुबे, देवेंद्र कुमार, इरफान खान चौधरी, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।