जामताड़ा। राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दूसरे चरण में शनिवार की शाम जामताड़ा होते हुए धनबाद की ओर प्रस्थान किये। इस दौरान जिला अध्यक्ष हरिमोहन मिश्रा की अगुवाई में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक सड़क पर उनके स्वागत के लिए खड़े थे। समय अभाव के कारण राहुल गांधी शनिवार को जामताड़ा में समय नहीं दे पाए। लेकिन जिला अध्यक्ष को रविवार सुबह 7:00 बजे मुलाकात का समय दिया और यह मुलाकात काफी गंभीर रहा है। दुमका लोकसभा सीट, गोड्डा लोकसभा सीट और जामताड़ा जिला के जामताड़ा तथा नाला विधानसभा सीट को लेकर राहुल गांधी काफी गंभीर नजर आए। उन्होंने जिला अध्यक्ष से इस संदर्भ में लगभग 10 मिनट तक गोविंदपुर स्थित लटानी के समीप स्थित कैंप में चर्चा की। यह चर्चा कई मायने में महत्वपूर्ण है। जिसका दूरगामी परिणाम चौंकाने वाला हो सकता है। मुलाकात के बाद जिला अध्यक्ष हरिमोहन मिश्रा ने जामताड़ा में इस बात का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि समय के अभाव के कारण वह जामताड़ा में लोगों से सही ढंग से मुलाकात नहीं कर सके, इसका उन्हें खेद है। उन्होंने इसके लिए जिला वासियों से माफी भी मांगी है। साथी उन्होंने संदेश दिया कि यहां के लोगों का प्यार शुरू से कांग्रेस को मिलता रहा है और आगे भी मिलता रहेगा। उन्होंने यहां के लोगों से कांग्रेस के प्रति अपना प्यार और आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि चर्चा काफी महत्वपूर्ण है, लेकिन अभी उसका खुलासा नहीं किया जा सकता है। जल्द ही कमेटी की बैठक कर इस पर चर्चा होगी और लोगों को शीर्ष नेतृत्व से प्राप्त निर्देश के तहत टास्क दिया जाएगा।
गोड्डा, दुमका लोकसभा सीट के साथ जामताड़ा विधानसभा को लेकर राहुल गांधी गंभीर, जिला अध्यक्ष से की चर्चा















