वसंत पंचमी एवं गणतंत्र दिवस के एक ही दिन रहने के कारण प्रभात फेरी नहीं करने का लिया गया निर्णय
BHARATTV.NEWS,JAMTARA: आज दिनांक 12.01.2023 को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा फ़ैज़ अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में गणतंत्र दिवस 2023 के आयोजन को लेकर जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक आहूत किया गया।
विभिन्न बिंदुओं पर हुआ विमर्श
बैठक में गणतंत्र दिवस के पूर्व तैयारियों, साफ सफाई, पैरेड, झांकी, मुख्य समारोह स्थल की रंगाई पुताई, झंडोतोलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभात फेरी सहित सभी आवश्यक बिंदुओं पर उपायुक्त द्वारा अधिकारियों संग विमर्श किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से झण्डोतोलन का समय निर्धारित किया गया जो इस प्रकार है :-
● मुख्य कार्यक्रम स्थल, गांधी मैदान :- प्रातः 09:00 बजे
● समाहरणालय :- प्रातः 10:10 बजे
● पुलिस अधीक्षक कार्यालय :- प्रातः 10:15 बजे
● जिला परिषद :- प्रातः 10:25 बजे
● उपायुक्त न्यायालय :- प्रातः 10:55 बजे
● अनुमंडल कार्यालय :- प्रातः 11:00 बजे
● एस0डी0पी0ओ0 कार्यालय :- प्रातः 11:05 बजे
● साईबर थाना कार्यालय:- प्रातः 11:10
● वन प्रमंडल कार्यालय:- प्रातः 11:20
पैरेड में शामिल प्लाटून 21 से 24 जनवरी तक करेंगे पूर्वाभ्यास
वहीं पैरेड पूर्वाभ्यास के संबंध में बताया गया कि दिनांक 21 जनवरी से 24 जनवरी 2023 तक प्रत्येक दिन प्रातः 09 बजे पूर्वाह्न गांधी मैदान जामताड़ा में पैरेड रिहर्सल किया जायेगा। जिसमें नियमित जिला बल के 02 प्लाटून (महिला/पुरुष), आईआरबी, झिलुवा के एक प्लाटून होम गार्ड के 02 प्लाटून के अतिरिक्त सेंट एंथोनी स्कूल, डीएवी का एनसीसी, डीएन एकेडमी, सेंट जोसेफ स्कूल, एडवर्ड स्कूल, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय दुलाडीह, आश्रम विद्यालय जामताड़ा, केंद्रीय विद्यालय एवं जवाहर नवोदय विद्यालय जामताड़ा के एक एक प्लाटून भाग लेंगे। फाइनल पैरेड रिहर्सल दिनांक 24 जनवरी को संपन्न होगा। जिसके लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। वहीं गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों यथा शिक्षा, स्वास्थ्य, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, समाज कल्याण, पीएचईडी, वन विभाग, कृषि (आत्मा), पुलिस, जेएसएलपीएस एवं परिवहन विभाग के द्वारा झांकी का प्रदर्शन किया जाएगा, इस संबंध में संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
प्रभात फेरी का आयोजन नहीं होगा
वहीं वसंत पंचमी एवं गणतंत्र दिवस के एक ही दिन रहने के कारण प्रभात फेरी नहीं करने हेतु सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
वहीं बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य समारोह स्थल गांधी स्टेडियम एवं समाहरणालय में सभी आवश्यक तैयारी करने के लिए संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, रंग रोगन, प्रतिमाओं की साफ सफाई, माल्यार्पण, गांधी मैदान में गड्ढों की भराई, पेयजल की व्यवस्था, साउंड सिस्टम की सुदृढ़ व्यवस्था, समुचित चिकित्सा व्यवस्था, अग्निशमन दल की प्रतिनियुक्ति सहित अन्य जरूरी दिशा निर्देश दिया गया।
सभी तैयारियां ससमय पूर्ण करने का निर्देश
वहीं उन्होंने गणतंत्र दिवस को लेकर शहर के सभी प्रमुख सड़कों, गलियों और नालियों की साफ सफाई, ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव के साथ-साथ शहरी क्षेत्र में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमा एवं आसपास की साफ-सफाई का भी निर्देश दिया। इस संबंध में उपायुक्त द्वारा कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय, नजारत उप समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, पीएचइडी और भवन प्रमंडल विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश देते हुए ससमय सभी कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
वहीं झांकी एवं पैरेड में सम्मिलित टुकड़ियों/प्लाटूनो/विभागों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करने हेतु उप विकास आयुक्त जामताड़ा की अध्यक्षता में चयन समिति को गठित किया गया।
26 जनवरी को शराब व मांस मछली की बिक्री रहेगा बंद
उत्पाद अधीक्षक जामताड़ा को 26 जनवरी 2022 के दिन शराब की आपूर्ति बंद रखने की व्यवस्था करने हेतु निर्देश दिया गया। वहीं इस दिन सभी कसाई खाने/ मांस मछली की बिक्री दुकानें बंद रहेगी। कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत जामताड़ा एवं मिहिजाम को इसका अनुपालन का निर्देश दिया गया है। वहीं थाना प्रभारी जामताड़ा एवं मिहिजाम को अपने-अपने क्षेत्र में शराब की आपूर्ति बंद रखने एवं मांस मछली की बिक्री की दुकानों को बंद रखने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।
इनकी रही उपस्थिती
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, उप विकास आयुक्त अनिलसन लकड़ा, अपर समाहर्ता श्सुरेन्द्र कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी संजय पाण्डेय, सिविल सर्जन डाॅ एस के मिश्र, जिला परिवहन पदाधिकारी अजय तिर्की, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रधान मांझी, जिला योजना पदाधिकारी पंकज कुमार तिवारी,जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार राम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री संतोष कुमार, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा सुश्री आकांक्षा कुमारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आनंद ज्योति मिंज,प्रखंड विकास पदाधिकारी जहीर आलम, अंचल अधिकारी मनोज कुमार, पीएचईडी प्रमंडल राहुल प्रियदर्शी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत संजय कुमार सहित अन्य सम्बन्धित उपस्थित थे।














