कार्यक्रम स्थल पर भीड़ देखकर पहुंची महिला ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से लगाई गुहार
BHARATTV.NEWS,JAMTARA: झारखंड सरकार के पहल पर आयोजित आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के माध्यम से एक अरसे से मदद की बाट जोह रहे लाभुकों को मिनटों में उनकी समस्या का समाधान किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों एवं खास कर के लाभुकों में प्रसन्नता देखी जा रही है।
करमाटांड़ प्रखंड के कुरुवा पंचायत में पंचायत सचिवालय में आयोजित आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में लगी भीड़ देखकर कुरुवा ग्राम की रहने वाली महिला सहुन खातून भी शिविर में पहुंची। जहां उनकी समस्या को प्रखंड विकास पदाधिकारी तक पहुंचाया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा उनसे जानकारी ली गई। उसने बताया कि वो अपने परिवार की एकल महिला सदस्य उसकी शादी भी नहीं हुई है एवं माता पिता का देहांत हो चुका है। आर्थिक स्थिति काफी दयनीय रहने के कारण वह इधर उधर से मांगकर अपना जीवन निर्वाह कर रही है। जिस पर प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए इनके घर से उपलब्ध दस्तावेज को मंगवाकर तत्काल मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित सम्मान पेंशन योजना की स्वीकृति दी गई।
पेंशन की स्वीकृति मिलते ही वह काफी प्रसन्न नजर आई। उसने सरकार और प्रशासन को धन्यवाद कहा और बताया कि काफी संघर्ष और कष्ट में अपना जीवन व्यतीत कर रही थी। लेकिन पेंशन से मिलने वाली राशि से वह खाना पीना एवं दवा-दारू अच्छे से कर सकेगी।
प्रखंड विकास पदाधिकारी करमाटांड़ की सकारात्मक पहल एवं संवेदनशीलता के कारण ही उक्त महिला लाभुक को योजना से जोड़ा जा सका।














