Bharat TV News | "The Right Path to Journalism"

"सच वही जो हम दिखाएं"

झारखण्ड खान-खनिज के साथ-साथ प्रतिभाओं की धरती: विधान सभाध्यक्ष

BHARATTV.NEWS, JAMTARA: झारखण्ड टेनिस बॉल क्रिकेट संघ के तत्वावधान में जामताड़ा जिला टेनिस बॉल क्रिकेट संघ द्वारा स्थानीय गाँधी मैदान में 10 से 12 जून तक आयोजित “10वीं झारखण्ड राज्य टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता- महमूद आलम मेमोरियल कप” का उद्घाटन शुक्रवार को विधान सभाध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो ने किया। इसके उपरांत विभिन्न जिला से आये खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि झारखण्ड सिर्फ खान-खनिज की धरती ही नहीं बल्कि प्रतिभाओं की भी धरती है।  हॉकी, कुश्ती, क्रिकेट, तीरंदाजी, फुटबॉल आदि कई खेलों में यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परचम लहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार नई खेल नीति पर गम्भीरता से अमल कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जामताड़ा जैसे छोटे शहर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन होना एक बड़ी और गर्व की बात है। इस अवसर पर बतौर विशिष्ट अतिथि अनूमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय, अनूमंडल पुलिस पदाधिकारी आनंद ज्योति मिंज, झारखण्ड टेनिस बॉल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, महासचिव अजय कु. साव, उपाध्यक्ष सी.बी.तिवारी एवं सुरजीत झा, देवघर सचिव संजीव झा, दुमका सचिव संदीप कुमार जय उर्फ बमबम व लोहरदगा सचिव मो. साकिब आलम , झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता अशोक मंडल, रवि दुबे, देवाशीष मिश्रा,  विपिन दुबे, अरुप मित्रा मुख्य रूप से उपस्थित थे।उद्घाटन मैच मेजबान गोड्डा एवं जामताड़ा के बीच खेला गया। जिसमें गोड्डा ने जामताड़ा को 11 रन से पराजित किया। टॉस जीतकर जामताड़ा ने क्षेत्र रक्षण का फैसला लिया। गोड्डा ने निर्धारित 8 ओवर्स में शिवम के 16 गेंदों में सर्वाधिक 24 रन के बदौलत 60 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में उतरी जामताड़ा 3 विकेट खोकर 48 रन ही जुटा सकी। मंच संचालन मनोज सिन्हा ने किया। समारोह के अंत में महमूद आलम जी को दो मिनट की मौन श्रद्दांजलि दी गयी। समाचार मिलने तक दुमका एवं लोहरदगा के बीच मुकाबला जारी था। स्वागत सम्बोधन करते हुए जामताड़ा जिला टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक दुबे ने कहा कि उनका हमेशा प्रयास रहता है कि  संसाधन विहीन जामताड़ा जिला के अधिक से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ियों को एक उचित प्लेटफार्म मिले। उसी उद्देश्य के साथ आज राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। आगे भी इस तरह का प्रतियोगिता का आयोजन कराने के लिए प्रयासरत है। आज के इस प्रतियोगिता के सफल  संचालन में मुख्य रूप से भास्कर चांद , प्रवीण झा , राहुल सिंह , हेमंत झा , इम्तियाज अंसारी, संजीत सेन , सादिक अंसारी ,नवीन डोकानिया, बापी दत्ता, अजय पांडे, सौरभ झा, मुकेश यादव, रंजय सिंह ने अपने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जामताड़ा से रघुवंश सहाय की रिपोर्ट