भगवान पर आस्था रखने वाले लोगों की इज्जत वही बचाते हैं
BHARATTV.NEWS;CHITRA: देवघर जिले के चितरा में रूद्र महायज्ञ स्थल पर वैदिक मंत्रोचार, प्रवचन, रासलीला, जागरण कार्यक्रम के आयोजन से भक्ति की अविरल धारा बह रही है। रविवार की रात वृंदावन के विनोद शर्मा ने झांकी के साथ भजन की प्रस्तुति दी। वहीं रासलीला मंडली ने द्रोपदी चीर हरण का मंचन किया। जिसे देख दर्शक भाव विभोर हो गए.
उल्लेखनीय है कि यज्ञ आचार्य संजय मिश्र की अगुवाई में 17 पुरोहित सस्वर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन कुंड में आहुति दे रहे हैं। उससे निकलने वाली धुआं से वातावरण सुगंधमय हो रहा है। जानकारी हो कि भजन गायक शर्मा ने गणेश वंदना, व्रज वंदना झांकी के साथ प्रस्तुति दी। ऐसा प्रतीत हो रहा था साक्षात वृंदावन रंग मंच पर उतर आया हो। रास आचार्य भागवत शर्मा की लीला मंडली ने द्रोपदी चीर हरण की प्रस्तुति दी। इसके माध्यम से कलाकारों ने यह संदेश देने की कोशिश की कि भगवान पर आस्था रखने वाले लोगों की इज्जत वही बचाते हैं। भरी सभा में दुशासन द्रोपदी को निर्वस्त्र करने में जुटे थे। लेकिन श्री कृष्ण ने उन्हें वस्त्र प्रदान कर लाज बचाई। बड़ी संख्या में दर्शकों ने धार्मिक पृष्ठभूमि पर आधारित कार्यक्रमों का मध्यरात्रि के बाद तक आनंद लिया।






