Bharat TV News | "The Right Path to Journalism"

"सच वही जो हम दिखाएं"

चतुर्थ चरण हेतु निर्वाचन प्रक्रिया की सूचना का प्रकाशन सभी विनिर्दिष्ट स्थलों पर किया गया

चतुर्थ चरण में दिनांक 27.05.2022 को होगा मतदान एवं 31.05.2022 को होगी मतगणना

दिनांक 30.04.2022 से दिनांक 06.05.2022 तक अभ्यर्थी कर सकेंगे नामांकन पत्र दाखिल

BHARATTV.NEWS,JAMTARA: जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह उपायुक्त जामताड़ा श्री फ़ैज़ अक अहमद मुमताज (भा.प्र.से.) के द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत (आम) निर्वाचन, 2022 के निमित्त प्रपत्र-05 अनुसूची सूची सहित संलग्न करते हुए चतुर्थ चरण हेतु निर्वाचन प्रक्रिया की सूचना का प्रकाशन सभी विनिर्दिष्ट स्थलों पर किया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह उपायुक्त जामताड़ा द्वारा झारखंड पंचायत निर्वाचन नियमावली 2001 के नियम-36 द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए इससे संलग्न अनुसूची के स्तंभ (2) में विनिर्दिष्ट ग्राम पंचायत के सदस्यों/ ग्राम पंचायत के मुखिया/ पंचायत समिति/ जिला परिषद के सदस्यों के निर्वाचन के संबंध में सूचनाएं दी गई हैं। जिसमे अनुसूची के स्तंभ (4) में विनिर्दिष्ट निर्वाचन क्षेत्र के सामने स्तंभ (7) में विनिर्दिष्ट पदाधिकारी ग्राम पंचायत/ पंचायत समिति/ जिला परिषद के सदस्यों/ मुखिया के निर्वाचन संचालन करने हेतु निर्वाची पदाधिकारी होगा। वहीं निर्वाचन क्षेत्र के सामने स्तंभ (8) में विनिर्दिष्ट स्थान, तारीख औऱ समय नाम निर्देशन पत्र दाखिला करने का स्थान, तारीख और समय होगा। वहीं निर्वाचन क्षेत्र के सामने स्तंभ (9) में विनिर्दिष्ट स्थान, तारीख और समय नाम निर्देशन-पत्र की संवीक्षा करने का स्थान, तारीख और समय होगा। तथा निर्वाचन क्षेत्र के सामने स्तंभ (10) में विनिर्दिष्ट स्थान, तारीख औऱ समय नाम निर्देशन-पत्र वापस लेने के स्थान, तारीख और समय होगा। वहीं निर्वाचन क्षेत्र के सामने स्तंभ (11) में विनिर्दिष्ट मतदान की तारीख और समय होगी। वहीं निर्वाचन क्षेत्र के सामने स्तंभ (12) में विनिर्दिष्ट तारीख औऱ समय मतों की गणना करने की तारीख और समय होगी। तथा निर्वाचन क्षेत्र के सामने स्तंभ (13) में विनिर्दिष्ट स्थान पर मतों की गणना का स्थान होगा।

जिला परिषद सदस्य पद हेतु नाम निर्देशन दाखिल करने, संवीक्षा, नाम निर्देशन पत्र वापस लेने, मतदान एवं मतगणना से संबंधित विवरणी

जिसके तहत जिला परिषद सदस्यों का क्षेत्रीय निर्वाचन क्षेत्र संख्या XIII जामताड़ा (6,7,10,11,12,13 एवं 14) के लिए नाम निर्देशन पत्र उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद जामताड़ा के कार्यालय कक्ष में निर्वाची पदाधिकारी जिला परिषद सदस्य सह परियोजना निदेशक आईटडीए श्री अभिषेक श्रीवास्तव के समक्ष दिनांक 30.04.2022 से 06.05.2022 तक पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक (सार्वजनिक अवकाश के दिन को छोड़कर) होगा। वहीं उप विकास आयुक्त के कार्यालय कक्ष, जिला परिषद कार्यालय में दिनांक 07.05.2022 एवं 09.05.2022 तक पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 03 बजे तक नाम निर्देशन पत्र की संवीक्षा की जायेगी तथा दिनांक 10.05.2022 एवं 11.05.2022 को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 03 बजे तक नाम निर्देशन वापस लिया जायेगा। निर्वाचन प्रतीक का आवंटन 12.05.2022 को पूर्वाहन 11:00 बजे से कार्य समाप्ति तक किया जायेगा।

वहीं मतदान 27.05.2022 को प्रातः 07:00 बजे से अपराह्न 03 बजे तक होगा तथा मतगणना 31.05.2022 को नर्सिंग कॉलेज दुलाडीह जामताड़ा में प्रातः 08 बजे से होगा।

पंचायत समिति के सदस्य पद हेतु प्रपत्र 5 के तहत आवश्यक जानकारी

पंचायत समिति के सदस्य पद के निर्वाचन हेतु जामताड़ा प्रखंड अंतर्गत निर्वाचन क्षेत्र संख्या XIII/जामताड़ा/3/जामताड़ा 1 से 27, नाला प्रखंड अंतर्गत XIII/जामताड़ा/5/नाला 01 से 27 तथा कुंडहित प्रखंड अंतर्गत XIII/जामताड़ा/6/ कुंडहित 1 से 17 तक निर्वाचन हेतु निर्वाची पदाधिकारी पंचायत समिति सह अनुमंडल पदाधिकारी श्री संजय पांडेय के कार्यालय कक्ष में नाम निर्देशन दिनांक 30.04.2022 से 06.05.2022 तक (सार्वजनिक अवकाश के दिनों को छोड़कर) पूर्वाहन 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक होगा तथा संवीक्षा अनुमंडल कार्यालय कक्षा में दिनांक 07.052022 एवं 09.05.2022 तक पूर्वाह्न 11 बजे से 3 बजे तक होगा। नामांकन वापस 10.05.2022 एवं 11.05.2022 को अनुमंडल कार्यालय जामताड़ा में पूर्वाहन 11 से 3 बजे तक होगा।

मुखिया पद हेतु प्रपत्र 5 के तहत आवश्यक जानकारी

जामताड़ा प्रखंड अंतर्गत XIII जामताड़ा/3/जामताड़ा/1 से जामताड़ा 22 हेतु निर्वाची पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी जामताड़ा के कार्यालय कक्ष में, कुंडहित प्रखंड अंतर्गत मुखिया पद हेतु XIII/जामताड़ा/6/कुंडहित/ 1 से कुंडहित 15 तक अंचल अधिकारी कुंडहित के कार्यालय कक्ष में तथा नाला प्रखंड अंतर्गत निर्वाचन क्षेत्र संख्या XIII/जामताड़ा/5/नाला/1 से नाला 23 तक निर्वाची पदाधिकारी मुखिया सह अंचल अधिकारी कुंडहित के समक्ष दिनांक 30.04.2022 से 06.05.2022 तक (सार्वजनिक अवकाश के दिन को छोड़कर) नाम निर्देशन दाखिल किया जाएगा। नाम निर्देशन पत्र की संवीक्षा 07.05.2022 एवं 09.05.2022 तक पूर्वाह्न 11 से अपराह्न 3 बजे तक होगा। नाम वापसी 10.05.2022 एवं 11.05.2022 को पूर्वाहन 11 बजे से 3 बजे तक होगा। मतदान 27.05.2022 को एवं मतगणना 31.05.2022 को होगा।

नोट : निर्वाचन प्रतीक आवंटन दिनांक 12.05.2022 पूर्वाहन 11 बजे से कार्य पूर्ण होने तक किया जायेगा

ग्राम पंचायत के सदस्य पद हेतु जानकारी

जामताड़ा, कुंडहित एवं नाला प्रखंड अंतर्गत सभी ग्राम पंचायत के सदस्यों हेतु संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी ग्राम पंचायत सदस्य के समक्ष दिनांक 30.04.2022 से दिनांक 06.05.2022 तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे वहीं संवीक्षा दिनांक 07.05.2022 एवं 09.05.2022 को होगी तथा नाम वापसी दिनांक 10.05.2022 एवं 11.05.2022 को किया जा सकेगा। मतदान 27.05.2022 को संपन्न होगा वहीं मतगणना 31.05.2022 को संपन्न होगा।

उपरोक्त नाम निर्देशन से संबंधित विस्तृत जानकारी एनआईसी के वेबसाइट jamtara.nic.in पर भी उपलब्ध है।