BHARATTV.NEWS, CHITRA: झारखंड प्रदेश आंगनबाड़ी सेविका सहायिका संघ ने बुधवार को प्रदर्शन कर पूर्व कृषि मंत्री सह सारठ विधायक रणधीर सिंह को ज्ञापन सौंपा। कहा कि उनकी मांगों को विधानसभा सत्र के दौरान जोरदार ढंग से प्रस्तुत कर बुलंद आवाज उठाएं। विधायक सिंह ने उन्हें आश्वस्त किया कि ऐसा ही होगा।
संघ के केंद्रीय महासचिव राखी देवी ने कहा कि 2017 में केंद्र सरकार के घोषणा अनुरूप पूरे प्रदेश के आंगनबाड़ी सेविका व सहायिका को न्यूनतम मानदेय मिलना चाहिए। परंतु प्रदेश में सत्तासीन हेमंत सरकार मानदेय इजाफा करने में पूरी तरह नाकाम है। आंगनबाड़ी सेविकाओं को न्यूनतम वेतन 24 हजार मिलनी चाहिए। इसी तरह सहायिकाओं का भी मानदेय में इजाफा किया जाना चाहिए। राज्य में पारा शिक्षकों की तरह आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका के लिए भी नियमावली बनना चाहिए। सारी सुविधाएं पारा शिक्षकों के जैसा ही हम सबों को उपलब्ध होना चाहिए। परंतु ऐसा नहीं होना बहुत बड़ी दुर्भाग्य की बात है। ऐसी स्थिति में हम सभी आंदोलन करने को मजबूर हैं। विधायक सिंह ने उनके ज्ञापन के संबंध में बताया कि उनकी सारी मांगे जायज है। विधानसभा के सत्र में इनकी मांगों को सरकार के समक्ष बेहतर ढंग से रखा जाएगा। इस पर भी सरकार की नींद नहीं खुलती है तो संगठन के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन छेड़ने से भी पीछे नहीं हटेंगे। मौके पर शारदा देवी, सविता कुमारी, श्रीमती बास्की, सुबोधिनी सोरेन, शीला देवी, कुमकुम सेन समेत बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविका व सहायिका मौजूद थे।














