
चित्तरंजन,16-08-2021: चित्तरंजन रेलइंजन कारखाना (चिरेका) में 75वां स्वतंत्रता दिवस समारोह आज़ादी का अमृत महोत्सव हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह के दौरान कोविड-19 के सतर्कता के सुरक्षित मानदंडों का पालन किया गया। मुख्य समारोह स्थल आर्चरी अकादमी प्रांगण में श्री सतीश कुमार कश्यप, महाप्रबंधक/चिरेका के द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। चिरेका सांस्कृतिक संगठन के कलाकारों ने राष्ट्रीय गान गाये। इस मौके पर कोरोना योद्धाओं (चिकित्सकों,पारा मेडिकल स्टाफ एवं स्वास्थ्य कर्मियों) को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में श्रीमती नमिता कश्यप,अध्यक्षा,चिरेका महिला कल्याण संगठन सहित संगठन की सदस्याएं, अधिकारी, स्टाफ काउंसिल के सदस्य,पर्यवेक्षक,कर्मचारीगण एवं प्रेस-मीडिया के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे। महाप्रबंधक महोदय ने आर.पी.एफ, आर.पी.एस.एफ, नागरिक सुरक्षा, सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड और चिरेका भारत स्काउट एवं गाइड के सामूहिक दस्ते के परेड का निरीक्षण किया। इस समारोह का सीधा प्रसारण चिरेका के यूट्यूब चैनल पर भी किया गया।
इस पावन अवसर पर सतीश कुमार कश्यप ने भारत के स्वन्त्रता सेनानियों व अमर शहीदों की भूमिका को याद करते हुए उन्हें नमन किया और आजादी के अमृत महोत्सव के विशेष अवसर की शुभकामनाएं दी। श्री कश्यप ने चिरेका की महत्वपूर्ण उपलब्धियों की भी चर्चा की।
कोरोना संकट में रोकथाम के लिए लॉक डाउन के सरकारी दिशा निर्देशों का पालन साहित केजीएच में 18122 कोविड प्रतिरक्षण टीका की खुराक प्रदान की गयी। इन सभी का प्रतिफल है कि चिरेका आज बेहतर और सुरक्षित अवस्था में है। तीसरी लहर से सुरक्षा को लेकर चिरेका द्वारा ठोस तैयारी की गयी है। महाप्रबंधक महोदय ने चिरेकाकर्मियों से रेलइंजन उत्पादन के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ योगदान हेतु अपील करते हुए कहा की हमसभी को रेल बोर्ड द्वारा निर्धारित वर्तमान उत्पादन लक्ष्य को पूरा करने के दिशा में संकल्पित प्रयास करने होंगे।
आगे, श्री कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि भारत देश के चहुमुखी विकास के लिए एवं एक श्रेष्ठ भारत के निर्माण के लिए राष्ट्र प्रथम, सर्वदा प्रथम के लक्ष्य के साथ हम सभी को आगे बढ़ना होगा। सबका साथ सबका विकास, अंत्योदया और समाजिक समरसता की भावना को आगे बढ़ाना होगा। उपरोक्त सिद्धांतों का अनुपालन कर एक जिम्मेदार नागरिक एवं रेलकर्मी होने का परिचय देने की अपील की।
इसके पश्चात महाप्रबंधक महोदय ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए रेल सुरक्षा बल मैदान में पौधारोपण किया।
शिशु विहार, आशा किरण-स्पास्टिक केंद्र, चिरेका महिला कल्याण संगठन की अन्य इकाइयों, रेल सुरक्षा विशेष बल एवं रेल सुरक्षा बल मैदान में भी कोविड -19 की सतर्कता का पालन करते हुए तिरंगा फहराया गया ।














