मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पश्चिमी सिंहभूम में सात ग्रामीणों के नरसंहार से दुखी होकर मंत्रिमंडल विस्तार के आज फैसले को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने टाल दिया है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार (23 जनवरी) शाम राज्यपाल से मुलाकात कर विस्तार से बातचीत की और शपथ ग्रहण के लिए उन्होंने नई तिथि तय करने का आग्रह किया जिसके बाद राज्यपाल ने नए मंत्रियों का शपथग्रहण टाल दिया है। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने मुख्यमंत्री के अनुरोध को स्वीकार करते हुए फिलहाल नए मंत्रियों के शपथग्रहण समारोह को स्थगित कर दिया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल राज्यपाल ने नए मंत्रियों के शपथग्रहण के लिए कोई नई तिथि नहीं निर्धारित की है क्योंकि शपथग्रहण के लिए नयी तिथि का मुख्यमंत्री को ही नए सिरे से आग्रह करना होगा। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिले के तहत गुदड़ी प्रखंड के बुरुगुलीकेरा गांव में हुई सात ग्रामीणों की निर्मम हत्या से उनका मन व्यथित है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार (24 जनवरी) को अपने मंत्रिपरिषद् विस्तार का फैसला किया था और इसमें आठ नए मंत्रियों को शामिल किया जाना था। इसे देखते हुए राजभवन में दोपहर एक बजे शपथग्रहण समारोह आयोजित होना था।














