Bharat TV News | "The Right Path to Journalism"

"सच वही जो हम दिखाएं"

श्री श्री 1008 रूद्र महायज्ञ की तैयारी मुकम्मल, कलश यात्रा आज

BHARATTV.NEWS,CHITRA:देवघर जिले के चितरा में दुखिया बाबा शिव मंदिर से सटा मैदान में एक से नौ जून तक आयोजित हो रहे श्री श्री 1008 रूद्र महायज्ञ की मुकम्मल तैयारी हो चुकी है। इसके साथ ही आकर्षक मेले का आयोजन किया गया है। बुधवार को भव्य कलश यात्रा का आयोजन होना है।


इस मौके पर दुखिया बाबा महादेव, माता पार्वती, राधा कृष्ण, राम दरबार आदि एक ही प्रांगण में अवस्थित मंदिरों की आकर्षक साज-सज्जा की गई है। रात्रि के वक्त इस तरफ से गुजरने वाले राहगीर व यात्री यहां की शोभा देख रोमांचित हो जाते हैं। इस मंदिर परिसर से लगभग 50-60 मीटर की दूरी पर स्थित यज्ञ मंडप का रंग रोगन कर देवी-देवताओं के चित्र अंकित किए गए हैं। परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चारों तरफ बालू भर दिया गया है। इस मंडप के बगल में यज्ञ आचार्य पुरोहित व इसमें भाग लेने वाले श्रद्धालुओं के अल्प ठहराव के लिए पंडाल लगाया गया है। यहां से लगभग 200 मीटर दूरी पर भव्य पंडाल निर्माण किया गया है। यही महा यज्ञ का मुख्य पंडाल है। इसमें हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। वृंदावन की रासलीला, देश के प्रकांड विद्वान, चोटी के भजन गायक समेत अन्य यहां अपनी प्रस्तुति देंगे।


आकर्षक मेले का आयोजन: महायज्ञ के साथ-साथ आकर्षक मेले का आयोजन किया गया है। नौ दिनों के दौरान यहां आने वाले लोग भोजन नाश्ता, शॉपिंग, मनोरंजन आदि सब कुछ कर सकते हैं। महिलाओं को खरीदारी के लिए श्रृंगार प्रसाधन, लोहा लक्कड़ के घरेलू व आम लोगों के काम आने वाले सामानों दुकानें सजाई गई है। बच्चों व आम लोगों के मनोरंजन के लिए विभिन्न किस्म के झूले लगाए गए हैं। कई स्टूडियो यहां देखा जा सकता है।
भव्य कलश यात्रा का आयोजन: कोविड-19 के कारण महायज्ञ का आयोजन बीते दो वर्षों में नहीं हो सका। लिहाजा इस वर्ष यज्ञ आयोजन की खबरें सुनकर आसपास के दर्जन भर गांव व कोलियरी के रिहायशी इलाकों की महिलाएं, कुंवारी कन्याएं रूद्र महायज्ञ के कलश यात्रा में शामिल होने के लिए पूर्व से तैयार हैं। लिहाजा उनके लिए कलश की संख्या कहीं कम ना पड़ जाए, यज्ञ समिति की ओर से ऐसी संभावना जताई जा रही है।