“उनकी प्रतिभा, उपलब्धियाँ और मातृभूमि के प्रति समर्पण हमेशा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे”
प्रधानमंत्री ने ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ पर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं; मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की

BHARATTV.NEWS: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ पर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने महान दिग्गज भारतीय हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय खेल दिवस उन सभी अनुकरणीय खिलाड़ियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों का उत्सव मनाने का विशिष्ट दिन है, जिन्होंने विभिन्न खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और इसके साथ ही हमारे राष्ट्र को गौरवान्वित किया है। इन सभी खिलाड़ियों का तप और दृढ़ संकल्प निश्चित तौर पर उत्कृष्ट है। आज राष्ट्रीय खेल दिवस पर हम मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिनका हॉकी स्टिक से जुड़ा विलक्षण जादू कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है। ही नहीं, यह हमारे प्रतिभाशाली एथलीटों की कामयाबी में उनके परिवारों, कोचों और सहायक कर्मचारियों द्वारा दिए गए उल्लेखनीय सहयोग की सराहना करने का भी विशेष दिन है। भारत सरकार विभिन्न खेलों को लोकप्रिय बनाने के साथ-साथ भारत में खेल प्रतिभाओं को आवश्यक सहयोग देने के लिए भी अथक प्रयास कर रही है। इसके साथ ही मैं सभी लोगों से खेल और फिटनेस व्यायाम को अपनी दिनचर्या का अहम हिस्सा बनाने का आग्रह करता हूं। इसके अनगिनत फायदे हैं। मैं यह मंगल-कामना करता हूं कि सभी लोग प्रसन्न और स्वस्थ रहें!’’
केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर देश के खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दी। अपने ट्वीट्स में श्री अमित शाह ने कहा कि “राष्ट्रीय खेल दिवस पर मैं उन सभी खिलाड़ियों को सलाम करता हूँ जो अपने जुनून और कठिन परिश्रम से भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं”। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि “मोदी सरकार खेलो इंडिया तथा फ़िट इंडियाजैसी पहल से न सिर्फ खेलों को बढ़ावा दे रही है बल्कि युवा प्रतिभाओं को संवारने के प्रति कटिबद्ध भी है” अमित शाह ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद को उनकी जयंती पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि “मेजर ध्यान चंद एक महान खिलाड़ी थे, उन्होंने ओलंपिक मे तीन स्वर्ण पदक जीते और अपनी जादुई तकनीक से करोड़ों खेल प्रेमियों को मंत्रमुग्ध किया। उनकी प्रतिभा, उपलब्धियाँ और मातृभूमि के प्रति समर्पण हमेशा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे”। महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद का जन्म 29 अगस्त 1905 को हुआ था। उनके सम्मान में हर साल 29 अगस्त का दिन राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप मे मनाया जाता है।













