ओमप्रकाश शर्मा : बोधगया, 24 अगस्त 2024:4: महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र, बोधगया में आज बिहार विरासत ज्ञानोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसकी अध्यक्षता बिहार के उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने की। इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं में शामिल बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी, गया डॉ. त्यागराजन एसएम द्वारा उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा को पुष्पगुच्छ देकर किया गया। वहीं, निदेशक, संग्रहालय बिहार श्री राहुल कुमार ने सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार का स्वागत किया।
जिलाधिकारी, गया ने अपने संबोधन में बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य बिहार के युवाओं में सामाजिक और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना और बिहार की गौरवशाली विरासत के ज्ञान को वर्द्धित करना है। उन्होंने कहा कि कला, संस्कृति और युवा विभाग, बिहार एवं जिला प्रशासन, गया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को बिहार की समृद्ध विरासत से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने बच्चों के साथ वाद-विवाद किया और बिहार की विरासत, संस्कृति, और भाषा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बच्चों को पांच सामाजिक अभिशापों से मुक्त और पाँच सामाजिक वरदानों से युक्त परिवार बनाने का संकल्प दिलाया।
सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने बिहार विरासत ज्ञानोत्सव को एक ज्ञानवर्धक कार्यक्रम बताया, जिससे युवाओं को अपनी सांस्कृतिक और सभ्यता से जोड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने महाबोधि मंदिर – विष्णुपद कॉरिडोर परियोजना के बारे में भी जानकारी दी, जो पर्यटन को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
कार्यक्रम के अंत में, उप मुख्यमंत्री ने बच्चों, अभिभावकों, और शिक्षकों का इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया।













