ओम प्रकाश शर्मा, धनबाद : धनबाद के बाघमारा स्थित चिटाही धाम के श्रीराम राज मंदिर में चल रहे नौ दिवसीय श्रीराम महायज्ञ के आठवें दिन भव्य धार्मिक आयोजन हुआ। इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो, विधायक राज सिन्हा, बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थिति दर्ज कराई।
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह महायज्ञ क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना को जागृत कर रहा है। उन्होंने कहा, “धार्मिक आयोजनों से समाज में सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। चिटाही धाम में यह आयोजन लोगों को आस्था और संस्कारों से जोड़ने का कार्य कर रहा है।”
महायज्ञ में हवन, कीर्तन, प्रवचन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हो रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में दर्शन और पूजा के लिए उमड़ रहे हैं। इस अवसर पर भव्य भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
चिटाही धाम का यह महायज्ञ 12 फरवरी 2025 को पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ संपन्न होगा। आयोजकों के अनुसार, समापन के दिन विशेष पूजा-अर्चना और संतों के प्रवचन होंगे। मंदिर को आकर्षक लाइटिंग और फूलों से सजाया गया है, जिससे पूरा परिसर एक दिव्य वातावरण में परिवर्तित हो गया है।















