BHARATTV.NEWS; CHITRA: देवघर जिले के चित्रा कोयलांचल में संचालित एसपी माइंस के पुनर्वास स्थल पर बरती गई अनियमितता के खिलाफ विस्थापितों में आक्रोश गहरा गया है। गुरुवार को प्रदर्शन कर विस्थापितों कहा कि उन्हें सुविधाएं मिले व जांच हो अन्यथा चरणबद्ध आंदोलन छेड़ा जाएगा।
आजसू नेता अरुण महतो, संतोष महतो, परिमल मुर्मू, निमाई महतो समेत अन्य का कहना है कि पेयजल की मुकम्मल व्यवस्था पुनर्वास स्थल पर नहीं की गई है। यहां के विद्यालय में एक बूंद पानी के लिए बच्चे तरसते हैं। यहां बसे हुए अनेक परिवारों के घरों तक जाने के लिए सड़क नहीं है। जमाबंदी जमीन से होकर उन्हें अपने आवासों तक जाना पड़ता है। उनके लिए पूर्व में कुछ दूरी तक सड़क बनी। वह भी जर्जर हो चुकी है। पुनर्वास स्थल आवागमन करने के लिए निर्मित सड़कें गुणवत्ता की दृष्टि से सही नहीं है और कभी भी दुर्घटना घट सकती है। इतना ही नहीं उन सड़कों में जल निकासी के लिए कलवर्ट का निर्माण नहीं कराया गया। आठ स्थानों में जल मीनार लगाना था। उसमें से तीन ही स्थान पर लगाए गए हैं। शेष कहां गए। यह जांच का विषय है। सी ब्लॉक में विद्युत आपूर्ति के लिए ट्रांसफार्मर नहीं लगाए गए हैं इतना ही नहीं तालाब निर्माण की यहां खानापूर्ति की गई है। निर्माण कार्य में जबरदस्त लूट हुए हैं। यहां के मंदिरों समेत विद्यालय भवन की दीवारों में दरार आ गई। सारी अनियमितताओं की जांच होनी चाहिए। सुविधाएं मिलनी चाहिए। अन्यथा खून गांव के विस्थापित चरणबद्ध आंदोलन छेड़ेंगे।






