दाउदनगर बना सांस्कृतिक उत्सव का केंद्र
ओम प्रकाश शर्मा ,औरंगाबाद: जिले के दाउदनगर स्थित काली स्थान सोन तट पर मकर संक्रांति महोत्सव 2025 का भव्य आयोजन किया गया। बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद काराकाट राजाराम सिंह, जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, एवं पुलिस अधीक्षक अंबरीष राहुल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत बिहार गीत से हुई, जिसके बाद अतिथियों का पौधा और शाल देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मेहंदी, पतंगबाजी, रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताएं हुईं, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्थानीय व बाहरी कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जो दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री ने दाउदनगर को महोत्सव के आयोजन के लिए सबसे उपयुक्त स्थल बताते हुए कहा कि यह स्थान सोन नदी के किनारे स्थित है और इसकी प्राकृतिक सुंदरता व शांतिपूर्ण माहौल इसे विशेष बनाते हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थान न केवल उपजाऊ और सिंचित क्षेत्र है, बल्कि जिले के लिए व्यवसाय का एक केंद्र भी है।
सांसद श्री राजाराम सिंह ने सोन नदी की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डाला और कहा कि यह बिहार की पहली नदी है, जिसका पानी सिंचाई प्रणाली के रूप में इस्तेमाल किया गया। उन्होंने दाउदनगर के विकास को लेकर जनता के समक्ष योजनाओं की चर्चा भी की।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्षा, उप विकास आयुक्त अभ्येंद्र मोहन सिंह, अपर समाहर्त्ता ललित भूषण रंजन, दाउदनगर एसडीओ मनोज कुमार, व अन्य प्रशासनिक व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर पर दाउदनगर के ग्रामीणों ने महोत्सव का भरपूर आनंद लिया और कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट्स भी चर्चा का विषय बने। जिला प्रशासन ने इसे वार्षिक महोत्सव के रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया है।













