Bharat TV News | "The Right Path to Journalism"

"सच वही जो हम दिखाएं"

धनबाद: गोलीबारी, बमबारी, आगजनी और पत्थरबाजी की घटना में सात अभियुक्त गिरफ्तार

"धनबाद पुलिस द्वारा छापेमारी में गिरफ्तार अभियुक्तों और बरामद अवैध हथियार, 14 जनवरी 2025"

अवैध हथियार और बम बरामद

ओम प्रकाश शर्मा ,धनबाद (15 जनवरी 2025): 09 जनवरी 2025 को धर्माबांध ओपी और मधुबन थाना क्षेत्र में घटित गोलीबारी, बमबारी, आगजनी और पत्थरबाजी की घटनाओं के संदर्भ में पुलिस को महत्वपूर्ण गुप्त सूचना प्राप्त हुई। इस सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, धनबाद के निर्देशन में 14 जनवरी 2025 को विशेष छापामारी दल द्वारा की गई सघन छापामारी में सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया और घटना में प्रयोग किए गए अवैध हथियार बरामद किए गए।

पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने 09 जनवरी को धर्माबांध ओपी और मधुबन थाना में हुई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। घटनाओं में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी अभियुक्तों से बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्तों में महेश कर्मकार, रवि विश्वकर्मा, अजय पासवान, राम लखन महतो, शशि कुमार पासवान, अधिक यादव, और वीरेंद्र यादव उर्फ बिलु शामिल हैं।

विशेष छापामारी दल के द्वारा घटना में प्रयुक्त एक 7.65 मिमी का देशी पिस्टल, पांच जिन्दा गोलियां और एक सूतली बम बरामद किया गया। इन अभियुक्तों को मधुबन थाना में विभिन्न कांडों के तहत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

पुलिस अधिकारियों ने संबंधित कांडों में आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। इस छापेमारी अभियान में पुलिस उपाधीक्षक अरविन्द कुमार सिंह, नौशाद आलम, आशुतोष सत्यम, और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।