ओम शर्मा, गया: बिहार के पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने आज अपराह्न 12:00 बजे गया वन प्रमंडल के अंतर्गत विभिन्न पर्यावरणीय योजनाओं का उद्घाटन किया। इन योजनाओं में शहरी वानिकी, मृदा एवं भू-जल संरक्षण, वृक्षारोपण, और चेकडैम निर्माण शामिल हैं, जिनकी कुल लागत 126 करोड़ से अधिक है।
कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। मंत्री ने पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया और गया की पहाड़ियों पर हरियाली बढ़ाने के लिए सीड बॉल का उपयोग करने की योजना की जानकारी दी।
मंत्री ने वन समिति, इको विकास समिति, और जैव विविधता प्रबंधन समिति के अध्यक्षों से पर्यावरण संरक्षण के लिए सुझाव भी प्राप्त किए। उद्घाटन कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने भारतमाला परियोजना के निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण भी किया।डॉ. प्रेम कुमार ने अपने संबोधन में बताया कि गया जिले में कम होती वर्षा और बदलते मौसम के कारण पर्यावरणीय समस्याएं गंभीर हो रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। मंत्री ने गया की पहाड़ियों पर हरियाली बढ़ाने के लिए इस बार सीड बॉल के प्रयोग की योजना की जानकारी देते हुए बताया कि ब्रह्मयोनि, प्रेतशिला, रामशिला, ढुंगेश्वरी और बराबर पहाड़ियों पर एक लाख सीड बॉल फेंके जाएंगे।
इसके साथ ही, गया वन प्रमंडल में पर्यावरण मित्रों की शुरुआत की गई। मंत्री ने पर्यावरण मित्रों को पौधे प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की और आस-पास के समुदायों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
उद्घाटन समारोह के बाद, मंत्री ने भारतमाला परियोजना फेस 2 के तहत वाराणसी-कोलकाता ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पैकेज 7 के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर गया वन प्रमंडल के वन सरंक्षक श्री एस० सुधाकर, वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री शशिकांत कुमार, वन समितियों के अध्यक्ष, इको विकास समितियों के अध्यक्ष, जैव विविधता प्रबंधन समितियों के अध्यक्ष और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।













