असमय बारिश ने किसानों के समक्ष परेशानी खड़ी कर दी है

नारायणपुर (जामताड़ा) : पिछले दो दिनों से नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र में असमय हुई बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। धान की फसल पककर खेतों में तैयार है अब किसान उसे काटकर खलिहान में लाने ही वाले थे कि इस बीच बारिश हो गई। बारिश से खलिहान किचड़मय हो गया है। वहीं धान की खड़ी फसल को भी नुकसान होने का अंदेशा है। असमय बारिश ने किसानों के समक्ष परेशानी खड़ी कर दी है। इस क्षेत्र के 80 फ़ीसदी लोगों के जीवन यापन का मुख्य जरिया कृषि ही है। ऐसे में धान की खेती अच्छी होनी परम आवश्यक होती है। इस वर्ष मानसून अच्छी रहने से और समय पर बारिश होने से धान की पैदावार बहुत अच्छी हुई है परंतु असमय बारिश में नुकसान का अंदेशा अंधेरा हो गया है। क्षेत्र के लोग बाइद, बहियार और कनाली धान की खेती करते हैं। शनिवार रविवार को दिनभर रिमझिम बारिश होती रही जिससे लोगों का घरों से निकलना भी कठिन हो गया था। बाजारों में बिरानी थी। जानकारों की मानें तो अब मौसम साफ होने पर क्षेत्र में कड़ाके की सर्दी पड़ेगी।















